Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। बिलासपुर पुलिस ने जिलेभर में समंस, वारंट तामिली और लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए व्यापक विशेष अभियान चलाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत न्यायालयीन आदेशों के प्रभावी पालन के साथ कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष टीमों का गठन कर लंबित समंस और वारंटों की तामिली सुनिश्चित की गई। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।
बिलासपुर पुलिस के अनुसार, विशेष अभियान में कुल 201 वारंटों की तामिली की गई, जिनमें 77 गिरफ्तारी वारंट, 85 जमानती वारंट और 39 स्थाई वारंट शामिल हैं। इसके अलावा 163 समंसों की तामिली भी की गई।
पुलिस ने विभिन्न मामलों में फरार चल रहे 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। साथ ही 104 निगरानी गुंडा-बदमाशों की चेकिंग कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया और आवश्यक समझाइश दी गई।
पुलिस के मुताबिक, पूरे अभियान के दौरान कुल 489 कार्रवाई की गईं। इस विशेष अभियान से न्यायालयीन आदेशों के पालन की प्रभावशीलता बढ़ी है और जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिली है। बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

