बिलासपुर में ‘यातायात की पाठशाला’ शुरू, स्कूल खुलते ही छात्रों को सड़क सुरक्षा का दिया गया पाठ

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही यातायात पुलिस बिलासपुर ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “यातायात की पाठशाला” अभियान शुरू कर दिया है। 16 जून 2026 को स्थानीय ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल, सरकंडा में इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक बनने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।



वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और उनसे बचाव के उपायों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में बताया गया कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है।

यातायात के मास्टर ट्रेनर पूर्व सब इंस्पेक्टर उमाशंकर पांडे ने विद्यार्थियों को सड़क संकेत, सुरक्षित वाहन संचालन, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं गुड सेमीरिटन (राहवीर) योजना की जानकारी दी। साथ ही आईटीएमएस प्रणाली के बारे में भी समझाया गया और विद्यार्थियों को अपने परिवार व आसपास के लोगों को यातायात नियमों का पालन कराने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने के दुष्परिणामों पर चर्चा की गई। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि बिना लाइसेंस और अनुभव के वाहन चलाना न केवल खतरनाक है बल्कि कानूनन अपराध भी है, जिससे अभिभावकों को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

यातायात पुलिस ने सभी छात्र-छात्राओं को “ब्रांड एंबेसडर” बनाते हुए अपने आसपास यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा, नशे में वाहन नहीं चलाने और मोबाइल का उपयोग करते हुए ड्राइविंग से बचने जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा नियमों पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में यातायात सड़क सुरक्षा समिति के वरिष्ठ सदस्य अशोक श्रीवास्तव, स्कूल की प्राचार्य निवेदिता सरकार, दिव्या राजपूत सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। समापन पर विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post