Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। भोजपुरी और लिम्हा टोल प्लाजा पर स्थानीय वाहन चालकों, छात्रों और आम नागरिकों से टोल वसूली के विरोध में एनएसयूआई ने आंदोलन की घोषणा की है। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की मिश्रा के नेतृत्व में शुक्रवार शाम 4 बजे भोजपुरी टोल प्लाजा का घेराव किया जाएगा। एनएसयूआई ने सीजी-10 पंजीयन वाले स्थानीय वाहनों और छात्रों को टोल शुल्क से छूट देने की मांग उठाई है।
संगठन का कहना है कि स्थानीय नागरिक शिक्षा, रोजगार और रोजमर्रा के कार्यों के लिए प्रतिदिन इस मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में बार-बार टोल वसूली से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। एनएसयूआई का आरोप है कि आसपास के गांवों और शहर के लोग इस व्यवस्था से सबसे अधिक प्रभावित हैं, जबकि छात्र प्रतिदिन पढ़ाई के लिए इस मार्ग से गुजरते हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल संचालन के लिए स्पष्ट नियम निर्धारित हैं और टोल संचालकों की जिम्मेदारी यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। यदि स्थानीय लोगों को राहत नहीं मिलती और सुविधाएं मानकों के अनुरूप नहीं हैं, तो इसकी समीक्षा जरूरी है।
एनएसयूआई ने मांग की है कि सीजी-10 नंबर वाले वाहनों को विशेष छूट दी जाए और छात्रों के लिए अलग व्यवस्था बनाई जाए। साथ ही प्रदर्शन के दौरान टोल प्लाजा पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, प्राथमिक उपचार, हेल्पलाइन नंबर, सीसीटीवी निगरानी, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन सहायता जैसी सुविधाओं की भी समीक्षा की जाएगी। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
शुक्रवार 12 जून 2026 को शाम 4 बजे प्रस्तावित इस प्रदर्शन को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

