Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल महाराणा प्रताप चौक में सार्वजनिक सुविधाओं की कमी को लेकर सामाजिक संस्था अमान अंसारी वेलफेयर फाउंडेशन एवं स्थानीय व्यापारियों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। ज्ञापन में सार्वजनिक शौचालय, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था और स्थायी ऑटो पार्किंग निर्माण की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई है।
संगठन ने बताया कि महाराणा प्रताप चौक से प्रतिदिन मुंगेली, तखतपुर और अन्य क्षेत्रों के लिए बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। क्षेत्र में रोजाना सैकड़ों यात्री, दुकानदार और आम नागरिक पहुंचते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि सार्वजनिक शौचालय और पेयजल सुविधा नहीं होने से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं यात्रियों को विशेष रूप से कठिनाई होती है। वहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और ऑटो चालकों को भी आवश्यक सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
सामाजिक संगठन ने फ्लाईओवर के नीचे स्थित लगभग 10 हजार वर्गफुट खाली पड़ी भूमि का जनहित में उपयोग करने की मांग करते हुए कहा कि इस स्थान पर सार्वजनिक शौचालय, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल सुविधा और स्थायी ऑटो पार्किंग विकसित की जा सकती है, जिससे आम लोगों को राहत मिलेगी।
अमान अंसारी वेलफेयर फाउंडेशन एवं स्थानीय व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन पर संस्था पदाधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)




.jpeg)

