Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP)। रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत हत्या के प्रयास के एक चर्चित मामले में करीब दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला 7 दिसंबर 2024 की रात का है, जब साहिल ठाकुर अपने दोस्तों के साथ पोस्ट ऑफिस के पीछे स्थित जिम के पास आग ताप रहा था। आरोप है कि इसी दौरान स्विफ्ट डिजायर कार में पहुंचे कुछ लोगों ने साहिल ठाकुर पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक को भी चोटें आईं। घायल को विभिन्न अस्पतालों में उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया था।
मामले में शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और पूर्व में कुछ आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया। पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में शामिल एक सह-आरोपी को पूर्व में हत्या के प्रयास के मामले में 10 वर्ष की सजा भी सुनाई जा चुकी है।
बताया गया कि आरोपी संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद उसके बताए अनुसार घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया गया।
रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

