ऑपरेशन अंकुश में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: IPL फाइनल पर ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, 31.99 लाख नकद जब्त

Social Activity BSP

रायगढ़ (Social Activity BSP)। रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल फाइनल GT Vs RCB मैच पर सट्टा खिलाने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। साइबर थाना और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम ने खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन अन्य आरोपियों को मामले में नामजद किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नगद, दो मोबाइल फोन और नोट गिनने की मशीन जब्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में जुआ-सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन अंकुश” के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार इलाके में कुछ लोग आईपीएल फाइनल मुकाबले में हार-जीत पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम गठित कर एक साथ दबिश दी गई।

रेड के दौरान पुलिस ने गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल उर्फ कालू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन की बात स्वीकार की और बताया कि वे रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा सिंडिकेट चला रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक वनप्लस नॉर्ड और एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन जब्त किया, जिनमें ऑनलाइन सट्टे से जुड़े तकनीकी साक्ष्य मिले हैं।

आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम साहिल अग्रवाल के निवास पहुंची, जहां पुलिस वाहन देखकर वह मौके से फरार हो गया। तलाशी के दौरान उसके घर से दो बैगों में रखे 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नगद और नोट गिनने की मशीन बरामद की गई। पुलिस के अनुसार इतनी बड़ी रकम के संबंध में कोई वैध जानकारी प्रस्तुत नहीं की जा सकी।

प्रारंभिक जांच में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन के लिए संगठित गिरोह बनाए जाने के तथ्य सामने आने पर गगन अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गगन अग्रवाल का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और इसी वर्ष मार्च में चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा मामले में उसके खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस का ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े प्रत्येक आरोपी पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post