Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। सकरी थाना पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने मोबाइल झपटमारी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटमारी में लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन और एक धारदार चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 31 मई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सकरी ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस को देखकर दोनों आरोपी एक्टिवा वाहन से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन असंतुलित होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने 20 मई 2026 को लोखंडी ओवरब्रिज के पास मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति से मोबाइल झपटमारी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटमारी में लूटा गया T4X मोबाइल फोन, जिसकी कीमत लगभग 6 हजार रुपये बताई जा रही है, साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई एक्टिवा और एक धारदार चाकू बरामद किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

