तमनार में हत्या का 24 घंटे में खुलासा: कोटवार, बेटे और नाबालिग को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Social Activity BSP

रायगढ़ (Social Activity BSP)। तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम उरबा में हुए सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम का कोटवार हरिराम चौहान, उसका पुत्र आकाश चौहान और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल डंडा और चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 30 मई 2026 की रात ग्राम उरबा निवासी दामोदर राठिया (37) को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। सूचना मिलने पर तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां जांच में पता चला कि दामोदर राठिया की मौत हो चुकी है। मामले में मृतक के बहनोई अवधराम राठिया ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि ग्राम उरबा के कोटवार हरिराम चौहान, उसका पुत्र आकाश चौहान और एक नाबालिग दामोदर राठिया के साथ मारपीट कर रहे थे। आरोप है कि आकाश चौहान और नाबालिग ने चाकू से हमला किया, जबकि हरिराम चौहान ने डंडे से वार किया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना तमनार में हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना की रात भोजन के बाद इस्तेमाल किए गए पत्तल को बाहर फेंकने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। इसी दौरान आरोपियों ने लाठी-डंडे और चाकू से हमला कर दामोदर राठिया को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी हरिराम चौहान (60 वर्ष), आकाश चौहान (22 वर्ष) और विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त डंडा एवं चाकू बरामद किया है। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले पर कहा कि क्षणिक आवेश में की गई हिंसा न केवल एक जान लेती है, बल्कि परिवारों को भी बिखेर देती है। उन्होंने लोगों से विवादों का समाधान कानून और संवाद के माध्यम से करने की अपील की है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post