Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई। उत्साह, उमंग और संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ 4 जून को वसंत क्लब परिसर में श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की उपाध्यक्षों और अन्य सदस्याओं ने भी पौधे लगाकर प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों और कर्मचारियों को फलदार पौधे तथा पर्यावरण अनुकूल जूट के थैले वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।
अपने संबोधन में श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन ने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं।
उन्होंने श्रद्धा महिला मंडल की विभिन्न क्षेत्रीय समितियों को आगामी मानसून सत्र के दौरान कम से कम 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य भी दिया तथा जनभागीदारी के माध्यम से इस अभियान को व्यापक स्वरूप देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से हरित जीवनशैली, स्वच्छ वातावरण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इस दौरान श्रद्धा महिला मंडल की पदाधिकारीगण, सदस्याएं और एसईसीएल कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

