ऑपरेशन क्लीन हंट में तमनार पुलिस को सफलता: ट्रेलर लूटकांड का फरार आरोपी 10 माह बाद कोरबा से गिरफ्तार

Social Activity BSP

रायगढ़ (Social Activity BSP)। रायगढ़ पुलिस द्वारा फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत तमनार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बहुचर्चित हुंकराडीपा ट्रेलर लूटकांड में पिछले 10 माह से फरार चल रहे आरोपी अजय गोस्वामी (32 वर्ष) को कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अजय गोस्वामी अपने पिता, भाइयों और अन्य साथियों के साथ नौ सदस्यीय गिरोह का हिस्सा था, जिसने ट्रेलर वाहनों में लूटपाट कर उन्हें ओडिशा में छिपा दिया था। घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अजय गोस्वामी और एक अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। फरारी के दौरान न्यायालय में चालान पेश किए जाने के बाद आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था।

तमनार पुलिस ने आरोपी की तलाश में पहले भी दो बार उसके निवास स्थान पर दबिश दी थी, लेकिन वह लगातार पुलिस से बचता रहा। “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत सक्रिय मुखबिर तंत्र से सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल कोरबा रवाना हुई और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है।

गौरतलब है कि 18 अगस्त 2025 को रायगढ़ निवासी संजय पटेल ने थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई थी कि एसबीआई कोरबा शाखा से नीलामी में खरीदे गए चार ट्रेलर वाहनों में से एक को हुंकराडीपा क्षेत्र में बदमाशों ने लूट लिया था। घटना के दौरान चालक और अन्य ड्राइवरों के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए गए थे।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मामले का मुख्य षड्यंत्रकारी ट्रेलरों का पूर्व मालिक अमन गोस्वामी था। पुलिस ने ओडिशा के हमीरपुर क्षेत्र में छिपाकर रखे गए चारों ट्रेलर बरामद किए थे और कार्रवाई के दौरान सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। मामले में पुलिस पहले ही करीब ₹1.56 करोड़ मूल्य की संपत्ति जब्त कर चुकी है, जिसमें चार ट्रेलर, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार शामिल है।

फिलहाल मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने कहा है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post