Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। थाना कोनी पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, नगदी रकम और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा जब्त किया है। मामले में कोनी पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सेदरी रामतला रोड निवासी गौतम पालेकर ने 29 मई 2026 को थाना कोनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 28 मई की रात करीब 11 बजे वह सेंट्रल लाइब्रेरी से अपनी टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल से कुलपति निवास बिरकोना रोड होते हुए घर लौट रहे थे। इसी दौरान बजरंगबली मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा के पास मौजूद चार युवकों ने उन्हें रोक लिया और जेब में रखे ₹1000 नकद तथा मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) और नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस एवं ACCU की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान की।
पूछताछ में सरजू भास्कर, कृष लहरे, राजकुमार सूर्यवंशी और शाकिर अली, सभी निवासी लिंगियाडीह सरकंडा, ने लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि लूटी गई रकम का कुछ हिस्सा खर्च कर दिया गया था।
पुलिस ने आरोपी सरजू भास्कर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा और नगदी राशि, जबकि कृष लहरे के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल और नकद रकम बरामद की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

