बिलासपुर में ढाबा संचालक को जिंदा जलाने की कोशिश, छह आरोपी गिरफ्तार

Social Activity BSP


बिलासपुर (Social Activity BSP)। सकरी थाना क्षेत्र में एक ढाबा संचालक और उसके कर्मचारियों पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बटनदार चाकू सहित घटना में प्रयुक्त अन्य सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, भूण्डा निवासी ढाबा संचालक इस्माइल खान उर्फ सोनू ने शिकायत दर्ज कराई कि 13 जुलाई की रात आरोपी संकेत कुमार जायसवाल अपने दो साथियों के साथ ढाबे पर खाना खाने आया था। अगले दिन वह अपने साथियों के साथ वापस पहुंचा और मोबाइल ढाबे में छूट जाने की बात कहकर सीसीटीवी फुटेज देखने लगा। करीब 45 मिनट तक फुटेज देखने के बाद जब मोबाइल दिखाई नहीं दिया तो आरोपियों ने ढाबे के मिस्त्री विनोद कुमार टोंडे के साथ मारपीट शुरू कर दी। कर्मचारियों के हस्तक्षेप से उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच विवाद और रंजिश पैदा हो गई।

शिकायत के अनुसार, 15 जुलाई की सुबह करीब 10:20 बजे संकेत कुमार जायसवाल अपने पांच अन्य साथियों के साथ दोबारा ढाबे पर पहुंचा। आरोप है कि सभी ने मिलकर ढाबा संचालक और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान आरोपियों ने ढाबे और संचालक पर पेट्रोल छिड़ककर लाइटर से आग लगाने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, उन्होंने बटनदार चाकू और अन्य घातक हथियार दिखाकर कर्मचारियों को डराने-धमकाने की भी कोशिश की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सकरी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 661/2026 दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने सभी छह आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बटनदार चाकू, घटना से संबंधित अन्य सामग्री तथा सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में संकेत कुमार जायसवाल उर्फ छोटू, राजवीर बाबरा, लारेन फ्रांसिस, राहुल गहरवरिया, आर्यन दुबे उर्फ तुषार और राहुल श्रीवास्तव शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में सकरी थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post