Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली है। वहीं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दो पुराने निगरानी बदमाशों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, तोरवा निवासी हर्ष कुमार वाधवानी ने 13 जुलाई 2026 को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई की रात उनके घर के बाहर खड़ी हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल (CG-10-P-8046) अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 382/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर की सूचना पर आरोपी की पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला क्षेत्र का रहने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए विनोद गोड (26 वर्ष) निवासी ग्राम अमोरा, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी गई हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दो निगरानी बदमाशों पर भी कसी पुलिस की लगाम
तोरवा पुलिस क्षेत्र में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी बदमाशों पर नजर रख रही है। इसी अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि शंकर गंगोत्री उर्फ दीपु (30 वर्ष) और निलेश सोनकर (24 वर्ष), दोनों निवासी देवरीखुर्द, थाना तोरवा, संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त हैं।
दोनों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तोरवा क्षेत्र में चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और आदतन अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का माहौल बना रहे।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
Click here 👆👆






.jpeg)

