ब्रिक्स ट्रेड यूनियन फोरम समिट में गूंजा एसईसीएल का मॉडल, कोल इंडिया की एचआर और कल्याणकारी पहलों को मिला वैश्विक मंच

Social Activity BSP


बिलासपुर (Social Activity BSP)। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 के तहत हैदराबाद में 14 से 16 जुलाई तक आयोजित ब्रिक्स ट्रेड यूनियन फोरम समिट में साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने कोल इंडिया लिमिटेड का प्रतिनिधित्व करते हुए मानव संसाधन प्रबंधन और कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में अपनाई जा रही श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।

समिट के दौरान एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास ने "ब्रिक्स+ देशों में सर्वोत्तम प्रथाएं" विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में भाग लेते हुए कोल इंडिया की मानव संसाधन नीतियों, कर्मचारी कल्याण कार्यक्रमों और सामाजिक विकास से जुड़ी प्रमुख पहलों की विस्तृत जानकारी विदेशी प्रतिनिधियों के समक्ष रखी।

अपने संबोधन में श्री दास ने बताया कि देश के सबसे बड़े नियोक्ताओं में शामिल कोल इंडिया अपने 2.2 लाख से अधिक कर्मचारियों के लिए कर्मचारी कल्याण, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और सौहार्दपूर्ण औद्योगिक संबंधों को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जन-केंद्रित नीतियों और सहभागी कार्यसंस्कृति के माध्यम से संगठन उत्पादकता और कर्मचारियों के हितों के बीच प्रभावी संतुलन स्थापित कर रहा है।

उन्होंने एसईसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) आधारित पहलों का भी उल्लेख किया। "एसईसीएल के सुष्रुत" और "एसईसीएल की धड़कन" जैसी योजनाओं के माध्यम से कोयलांचल क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ साझा किया गया। इन पहलों को सामाजिक विकास के प्रभावी मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया गया।

गौरतलब है कि भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 की थीम "Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability" रखी गई है। इसी क्रम में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय समिट में 50 से अधिक विदेशी प्रतिनिधियों के साथ भारतीय ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि, श्रम विशेषज्ञ और शिक्षाविद शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा, भविष्य के कार्यबल के लिए कौशल विकास, मानव-केंद्रित प्रौद्योगिकी, उत्तरदायी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा बदलती कार्य दुनिया में महिलाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

एसईसीएल की इस भागीदारी को कोल इंडिया की मानव संसाधन नीतियों, कर्मचारी हितैषी दृष्टिकोण और सामाजिक उत्तरदायित्व आधारित पहलों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post