Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने बुधवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान "JCCJ 2.0 – नया विज़न, नया स्वरूप और नई कार्ययोजना" का औपचारिक शुभारंभ किया। कार्यक्रम में पार्टी की सर्वोच्च नेता डॉ. रेणु जोगी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित जोगी, प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर उपाध्याय सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पार्टी ने संगठन के नए विस्तार, जनआधारित राजनीति और सामाजिक अभियानों को लेकर अपनी आगामी रणनीति प्रस्तुत की।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) अब नए संगठनात्मक ढांचे, नई सोच और जनकेंद्रित कार्ययोजना के साथ प्रदेशभर में अपनी गतिविधियों का विस्तार करेगी। उन्होंने बताया कि JCCJ 2.0 को प्रदेशव्यापी "बेटा बचाओ आंदोलन" से जोड़ा गया है। उनके अनुसार यह अभियान नशे की गिरफ्त में फंस रहे युवाओं को बचाने, परिवारों को जागरूक करने और समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में एक सामाजिक पहल है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि माताओं, परिवारों, शिक्षकों, चिकित्सकों और पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।
अमित जोगी ने कहा कि पार्टी अब किसी परिवार या विरासत की मोहताज नहीं है, बल्कि नए नेतृत्व और नई कार्यशैली के साथ जनता के बीच जाएगी। उन्होंने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए व्यापक राजनीतिक सुधारों की आवश्यकता है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने निर्वाचन आयोग की सूची में शामिल लगभग 66 मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों को आगामी चुनावों के बहिष्कार का प्रस्ताव भेजा है। साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को एकजुट करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिलने के बाद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) प्रदेश में एक स्वतंत्र और संघर्षशील राजनीतिक विकल्प के रूप में आगे बढ़ेगी।
पत्रकारों द्वारा पूछे गए जग्गी प्रकरण से जुड़े सवाल पर अमित जोगी ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वे कानून के दायरे में रहकर अपनी कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि नकटी, हसदेव, लैलूंगा, बचेली, केशदा-इकलामा (कवर्धा), पथर्रा-बेमेतरा और फास्टरपुर-मुंगेली सहित विभिन्न क्षेत्रों के विस्थापित परिवारों के मामलों की पैरवी वे स्वयं एक अधिवक्ता के रूप में निःशुल्क कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।
इस अवसर पर डॉ. रेणु जोगी ने अपने जीवन के संस्मरण साझा करते हुए स्वर्गीय अजित जोगी के सादगीपूर्ण व्यक्तित्व को याद किया। उन्होंने बताया कि विवाह के समय स्वर्गीय अजित जोगी ने दहेज लेने से स्पष्ट इनकार कर दिया था और जीवनभर सिद्धांतों, ईमानदारी तथा सामाजिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
अमित जोगी ने बिलासपुर से अपने परिवार के भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके माता-पिता स्वर्गीय अजित जोगी और डॉ. रेणु जोगी का बचपन बिलासपुर में बीता तथा उनकी प्रेम कहानी की शुरुआत भी बिलासपुर प्रेस क्लब के समीप स्थित कंपनी गार्डन से हुई थी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर उनके परिवार के लिए किसी तीर्थस्थल से कम नहीं है।
पत्रकार वार्ता में पार्टी नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, जनसंपर्क अभियान और प्रदेशव्यापी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा भी साझा की। कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी ने बिलासपुर की मीडिया बिरादरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि JCCJ 2.0 और "बेटा बचाओ आंदोलन" को प्रदेशभर में जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
Click here 👆👆







.jpeg)

