Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। यातायात पुलिस बिलासपुर ने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए अब तक 2621 वाहन चालकों पर कार्रवाई की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और आईटीएमएस (ITMS) कैमरों के माध्यम से निगरानी और अधिक सख्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही विभिन्न माध्यमों से आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति लगातार जागरूक भी किया जा रहा है।
यातायात पुलिस के अनुसार, विशेष रूप से युवाओं में वाहन चलाते समय मोबाइल फोन, ईयरबड या ईयरफोन का उपयोग करने की प्रवृत्ति देखी जा रही है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 21(25) के तहत वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग प्रतिबंधित है, इसके बावजूद कई चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने से चालक का ध्यान भटकता है, जिससे न केवल उसकी जान जोखिम में पड़ती है बल्कि अन्य वाहन चालकों और आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पेट्रोल-डीजल, गैस एवं अन्य आवश्यक सेवा वाहनों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न होती है।
यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे पीए सिस्टम के माध्यम से भी लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा सड़क सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाएं। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2025 में शहर में लगभग 63 हजार नए वाहन जुड़े हैं, जिससे यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे ट्रैफिक अनुशासन बनाए रखें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

