रिपोर्ट के चंद घंटों में सरकंडा पुलिस ने सुलझाई 3 लाख की नकबजनी, शातिर चोर गिरफ्तार, पूरा माल बरामद

Social Activity BSP


बिलासपुर (Social Activity BSP)। बिलासपुर की सरकंडा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दुकान में हुई करीब 3 लाख रुपये की नकबजनी का खुलासा रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों में कर दिया। पुलिस ने मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गई पूरी संपत्ति (शत-प्रतिशत मशरूका) बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

दुकान का कुंदा उखाड़कर की थी चोरी
पुलिस के अनुसार, चिंगराजपारा निवासी आशीष साहू (43 वर्ष) ने थाना सरकंडा में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी गोपाल किराना दुकान, जो हर्ष किंगडम के सामने स्थित है, में 15 जुलाई की रात से 16 जुलाई की सुबह के बीच अज्ञात चोर पीछे का कुंदा उखाड़कर अंदर घुस गया।

चोर दुकान के गल्ले से 2.50 लाख रुपये नकद, सैमसंग स्मार्ट वॉच, एयरफोन, चांदी के सिक्के एवं मूर्तियां, साथ ही पैन कार्ड, आधार कार्ड और आरसी बुक सहित करीब 3 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर फरार हो गया। शिकायत पर सरकंडा थाना में अपराध क्रमांक 1053/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना पर चंद घंटों में दबोचा आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान सूचना मिली कि अशोक नगर शिव मंदिर के पास रहने वाला शुभम यादव चोरी का सामान अपने पास छिपाकर रखा हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर शुभम यादव (24 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने नशे की हालत में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर गोपाल किराना स्टोर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

चोरी की पूरी रकम और सामान बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 2.50 लाख रुपये नकद सहित चोरी गया पूरा मशरूका, जिसकी कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये है, बरामद कर लिया। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस अंधी नकबजनी के मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य, सहायक उपनिरीक्षक भरत लाल राठौर, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, आरक्षक आफाक खान, संजीव जांगड़े एवं विवेक राय की सराहनीय भूमिका रही।

Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post