Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। महिला सशक्तिकरण और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की अनूठी पहल ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कोल इंडिया की पहली पूर्णतः महिला संचालित वसंत विहार डिस्पेंसरी ने अपनी स्थापना का सफलतापूर्वक एक वर्ष पूरा कर लिया। इस उपलब्धि के अवसर पर डिस्पेंसरी में प्रथम वर्षगांठ समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर की गई। समारोह में वसंत विहार डिस्पेंसरी की महिला चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के साथ इंदिरा हेल्थ सेंटर के डॉक्टर, चिकित्सा अधिकारी तथा अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। बीते एक वर्ष से यह डिस्पेंसरी पूरी तरह महिला चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा संचालित की जा रही है, जहां एसईसीएल के कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि कोल इंडिया की पहली पूर्णतः महिला संचालित डिस्पेंसरी का संचालन एसईसीएल के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और कार्यकुशलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। वसंत विहार डिस्पेंसरी इस बदलाव का जीवंत उदाहरण है, जो संगठन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सशक्त भूमिका को दर्शाती है।
उन्होंने आगे कहा कि एसईसीएल का लक्ष्य भविष्य में इस डिस्पेंसरी को 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' के रूप में विकसित करना है, ताकि यहां और अधिक आधुनिक एवं उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
समारोह में मुख्य चिकित्सा सेवाएं (CMS) डॉ. श्रुति देव मिश्रा, उप मुख्य चिकित्सा सेवाएं (Dy. CMS) डॉ. अरिहंत जैन, उप चिकित्सा अधीक्षक एवं वसंत विहार डिस्पेंसरी प्रभारी डॉ. नाज़िया मोहम्मदी सहित वसंत विहार डिस्पेंसरी और इंदिरा हेल्थ सेंटर के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने डिस्पेंसरी की प्रथम वर्षगांठ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समर्पण, संवेदनशीलता और उत्कृष्टता के साथ कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया।
महिला नेतृत्व और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं का यह मॉडल एसईसीएल की सामाजिक प्रतिबद्धता तथा महिला सशक्तिकरण के प्रति संगठन की दूरदर्शी सोच को भी मजबूती से दर्शाता है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
Click here 👆👆






.jpeg)

