Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। तारबाहर थाना पुलिस ने म्यूल (Mule) बैंक खातों के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी करने वाले दो फरार आरोपियों को रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस मामले में इससे पहले चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार 13 मई 2026 को सूचना मिली थी कि स्टेट बैंक, व्यापार विहार के आसपास एक व्यक्ति लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित कर रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर कार्रवाई शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में पुलिस ने पहले दीपेश कुमार गुप्ता, नवनीत मिश्रा, ऋषभ साहू और राजा घरानी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के दौरान साइबर सेल से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन विश्लेषण के आधार पर दोनों आरोपियों के रायपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने रायपुर पहुंचकर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए अमीर उर्फ अमीरुद्दीन (29) और मोहम्मद अल्मास गाजी (24) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कमीशन के बदले म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराकर साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेन-देन में सहयोग करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

