छत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार ने ली 8 वर्षीय मासूम की जान, विद्युत विभाग की लापरवाही पर क्षेत्र में फूटा आक्रोश…

 

Social Activity BSP

अभनपुर/नवापारा, 01 नवंबर (Social Activity BSP):
नवापारा नगर के दम्मानी कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हुआ, जिसमें 8 वर्षीय मासूम अरहमा खान (पिता – अब्दुल खान) की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है।

हादसे का विवरण
जानकारी के अनुसार, अरहमा अपने घर की छत पर खेल रही थी। उसी दौरान हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच छत के ऊपर से गुजर रहे 11,000 केवी हाईटेंशन विद्युत तार में करंट फैल गया, जिससे बच्ची को जोरदार झटका लगा। तेज करंट की चपेट में आने से मासूम छटपटाते हुए छत से नीचे गिर गई।

घरवालों ने गिरने की आवाज सुनते ही तुरंत दौड़ लगाई और घायल हालत में अरहमा को शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नवापारा ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची के मुंह से धुआं निकल रहा था, जो करंट की तीव्रता का गंभीर संकेत है।


ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस हाईटेंशन लाइन के बारे में कई बार नगर के जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और यहां तक कि मुख्यमंत्री तक शिकायत भेजी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा—
“क्या आम नागरिकों की जान की कोई कीमत नहीं? क्या नेताओं और अधिकारियों को जनता केवल चुनाव के समय ही दिखाई देती है?”


प्रशासनिक गतिविधि
घटना की खबर मिलते ही पुलिस और स्थानीय सामाजिक संगठनों के लोग अस्पताल पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखा गया है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में गहरा आक्रोश है और लोग विद्युत विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।


क्षेत्र में मातम
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। मासूम अरहमा की असमय मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post