📌 तंबाकू नहीं देने पर दोस्त को उतारा मौत के घाट, मुक्का मारकर गिराया, फिर सीने पर मारी लात; अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, संदीप गिरफ्तार

Social Activity BSP



जशपुर – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले जशपुर के नारायणपुर थाना क्षेत्र में तंबाकू मांगने को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी संदीप एक्का (36) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह घटना कोनकेल चराईखारा गांव की है।

📍 तंबाकू को लेकर शुरू हुआ विवाद

मामले की जानकारी देते हुए मृतक अशोक राम (35) के चाचा विद्याधर ने 19 नवंबर को नारायणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उनके अनुसार, 18 नवंबर की शाम करीब 6 बजे अशोक राम और आरोपी संदीप एक्का गांव के एक घर के आंगन में आग ताप रहे थे। इसी दौरान संदीप ने तंबाकू मांगी, जिस पर अशोक ने कहा कि वह रोज तंबाकू नहीं दे सकता। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

📍 घर के बाहर ही पीट-पीटकर गिराया

विवाद बढ़ने पर अशोक अपने घर की ओर जाने लगा। आरोपी संदीप भी उसके पीछे-पीछे पहुंचा और घर पहुँचते ही हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। उसने अशोक को धक्का देकर जमीन पर गिराया और उसके सीने में जोरदार लात मारी। इसके बाद संदीप वहां से चला गया।

📍 दर्द से तड़पता मिला, सुबह अस्पताल ले जाते समय मौत

ग्रामवासियों ने घटना की जानकारी सरपंच को दी। सरपंच जब अशोक के घर पहुँचे, तो वह दर्द से कराहता मिला। अशोक ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि संदीप ने उसके सीने पर लात मारी है। उसकी हालत बिगड़ने पर अगले दिन सुबह उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

📍 डॉक्टर की रिपोर्ट में चोट से मौत की पुष्टि

पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम करवाया। डॉक्टर की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि मौत मारपीट से आई गंभीर चोटों की वजह से हुई है।

📍 आरोपी ने कबूला जुर्म, भेजा गया जेल

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप एक्का को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 332(A) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

📍 एसएसपी ने दी जानकारी

जशपुर के एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि तंबाकू मांगने को लेकर विवाद के बाद मारपीट हुई थी, जिसमें घायल युवक की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post