Social Activity BSP
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में दिल्ली–आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब चार बजे बलदेव थाना क्षेत्र में एक के बाद एक सात बसों और दो कारों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद कुछ बसों में आग लग गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त अधिकांश यात्री बसों में सो रहे थे। अचानक हुई टक्कर और आग लगने से यात्रियों में दहशत फैल गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए बसों से कूदकर बाहर निकलने लगे। हादसे की भयावहता इतनी अधिक थी कि कुछ ही पलों में पूरा इलाका धुएं और चीख-पुकार से भर गया।
बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल सात बसों में एक रोडवेज बस थी, जबकि बाकी सभी निजी स्लीपर बसें थीं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बसों से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
इस हादसे में अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं 25 घायल यात्रियों का इलाज अस्पताल में जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का कार्य भी शुरू कर दिया है, ताकि यातायात सामान्य हो सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
दिल्ली–आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए इस भीषण सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और घने कोहरे में एक्सप्रेसवे पर होने वाले सड़क हादसों की गंभीरता को उजागर करता है। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

