कटघोरा वन मंडल में हाथी का कहर, महिला की मौत लगातार दूसरी घटना से ग्रामीणों में दहशत, घर–फसलों को भी नुकसान

Social Activity BSP



कोरबा, 18 दिसंबर (Social Activity BSP)।
जिले के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत ग्राम बिंझरा में हाथी के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान मीना बाई (36 वर्ष), पति रामकुमार धोबी, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह मीना बाई अपने घर से बाड़ी की ओर जा रही थी, तभी अचानक रास्ते में उसका सामना एक हाथी से हो गया। हाथी ने महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कटघोरा वन मंडल क्षेत्र में हाथी के हमले की यह लगातार दूसरी घटना है। इससे पहले पाली क्षेत्र में पिछले चार दिनों से डेरा जमाए हुए एक लोनर हाथी ने मंगलवार रात ग्राम लीमपानी में फुलसुंदरी (50 वर्ष), पति टिकैत राम, को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

ग्रामीणों में भय के साथ-साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है। उनका कहना है कि हाथियों की आवाजाही अब आम हो गई है, जिससे जान-माल का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। हाथी न केवल लोगों पर हमला कर रहे हैं, बल्कि घरों को नुकसान पहुंचाने के साथ खेतों और फसलों को भी बर्बाद कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में हाथियों की कड़ी निगरानी, गश्त बढ़ाने और तत्काल सुरक्षा उपाय करने की मांग की है। वहीं, वन विभाग की ओर से घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की जा रही है और प्रभावित परिवार को नियमानुसार सहायता देने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post