AUS vs ENG: जोफ्रा आर्चर का धमाकेदार कमबैक, 122 गेंदों में 5 विकेट लेकर 6 साल बाद रचा इतिहास

Social Activity BSP



नई दिल्ली, 18 दिसंबर(Social Activity BSP)।
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अपनी घातक गेंदबाजी से तहलका मचा दिया है। एडिलेड में खेले जा रहे इस टेस्ट मैच की पहली पारी में आर्चर ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ते हुए 5 विकेट अपने नाम किए।

जोफ्रा आर्चर ने 20.2 ओवर की गेंदबाजी में 53 रन देकर 5 विकेट झटके, जिसके लिए उन्होंने 122 गेंदें फेंकीं। खास बात यह रही कि साल 2019 के बाद यह पहला मौका है जब आर्चर ने टेस्ट क्रिकेट में 5 विकेट हॉल हासिल किया है। करीब 6 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में उनका यह प्रदर्शन उनके शानदार कमबैक की गवाही देता है।

टेस्ट करियर में चौथी बार 5 विकेट

यह जोफ्रा आर्चर के टेस्ट करियर का चौथा 5 विकेट हॉल है। इनमें से 3 बार उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह कारनामा किया है, जबकि एक बार साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 विकेट लिए थे। इससे पहले उनके सभी 5 विकेट हॉल साल 2019 में ही आए थे।

किन बल्लेबाजों को बनाया शिकार

एडिलेड टेस्ट की पहली पारी में आर्चर ने जेक वेदरॉल्ड, मार्नस लाबुशेन, कैमरन ग्रीन, मिचेल स्टार्क और नाथन लायन को पवेलियन भेजा। 53 रन पर 5 विकेट आर्चर का टेस्ट क्रिकेट में तीसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही रहा है, जब अगस्त 2019 में उन्होंने 45 रन देकर 6 विकेट और सितंबर 2019 में 62 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे।

इंजरी से जूझता रहा करियर

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अगस्त 2019 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। हालांकि लगातार इंजरी के चलते उनका करियर प्रभावित रहा और 6 साल में वह सिर्फ 18 टेस्ट मैच ही खेल सके।

टेस्ट में अब तक 59 विकेट

एडिलेड टेस्ट में 5 विकेट लेने के बाद आर्चर के टेस्ट करियर में कुल विकेटों की संख्या 59 हो गई है। उन्होंने 18 मैचों की 33 पारियों में 30.27 की औसत से ये विकेट हासिल किए हैं।

ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 371 पर सिमटी

जोफ्रा आर्चर की घातक गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 371 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एलेक्स कैरी ने 106 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जो इंग्लैंड के खिलाफ उनका पहला और टेस्ट करियर का तीसरा शतक रहा। इसके अलावा उस्मान ख्वाजा ने 82 रन और मिचेल स्टार्क ने 54 रन बनाए।

रेयान हैरिस की सलाह पर दिखी ‘दबंगई’

इस मुकाबले में आर्चर के प्रदर्शन के बाद पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर रेयान हैरिस की वह टिप्पणी भी चर्चा में है, जिसमें उन्होंने कहा था कि आर्चर को गेंदबाजी करते समय अपनी गोल्ड चेन उतार देनी चाहिए। आर्चर ने सलाह मानी या नहीं, यह साफ नहीं है, लेकिन एडिलेड टेस्ट में 5 विकेट लेकर उन्होंने अपनी घातक मौजूदगी जरूर दर्ज करा दी।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post