Social Activity BSP
राजस्थान, 06 दिसंबर।
अलवर जिले के खैरथल-तिजारा क्षेत्र के मुंडावर से नर्सिंग छात्रा की हत्या का मामला सामने आया है। छात्रा के परिजनों ने आरोपी युवक पर अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ़्तार कर उसे हवालात में रखा है, जहां उससे पूछताछ जारी है।
परिजनों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे छात्रा अपनी छोटी बहन के साथ नर्सिंग डिप्लोमा की तैयारी के लिए मुंडावर आई थी। इसी दौरान आरोपी युवक ने कथित रूप से छात्रा का अपहरण कर उसे अपने किराए के कमरे में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना छात्रा के पिता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर सामने आई है।
मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रामनिवास मीणा मौके पर पहुंचे और लोगों से संवाद कर जाम खुलवाया।
पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की है। आरोपी युवक की पहचान हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के दूंगड़ा गांव निवासी 21 वर्षीय उपेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो मुंडावर में किराए पर रहकर शेयर मार्केट का काम करता था।
मुंडावर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी मोर्चरी में रखवाया और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
थानाधिकारी रामनिवास मीणा ने बताया कि छात्रा के पिता की शिकायत पर दुष्कर्म एवं हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

