Social Activity BSP
नई दिल्ली, 09 जनवरी (Social Activity BSP)।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि देश में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को वर्ष 2030 तक 50 प्रतिशत तक कम करने का लक्ष्य रखा गया है। इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए केंद्र सरकार ‘जीरो फेटालिटी डिस्ट्रिक्ट’ मॉडल को लागू करेगी, जिसमें जिलों को मुख्य इकाई बनाकर सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में स्थायी और प्रभावी बदलाव लाए जाएंगे।
गुरुवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रियों की दो दिवसीय वार्षिक बैठक के समापन के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में श्री गडकरी ने बताया कि बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े 12 अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। इनमें दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों को नकदी रहित और त्वरित इलाज उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के आंकड़ों के अनुसार यदि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर इलाज मिल जाए, तो लगभग 30 प्रतिशत लोगों की जान बचाई जा सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने राहत और प्रोत्साहन से जुड़ी नई व्यवस्था तय की है।
श्री गडकरी ने बताया कि जो व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल किसी व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाएगा, उसे 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा निधि के माध्यम से अस्पताल को घायल के सात दिन के इलाज के लिए डेढ़ लाख रुपये तक का भुगतान किया जाएगा, ताकि इलाज में किसी तरह की आर्थिक बाधा न आए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल नियम बनाना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सड़क सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करना है। ‘जीरो फेटालिटी डिस्ट्रिक्ट’ मॉडल के जरिए प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य सेवाओं और आम नागरिकों की साझा भागीदारी से दुर्घटनाओं और मौतों में उल्लेखनीय कमी लाने का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

