Social Activity BSP
इंदौर, 09 जनवरी (Social Activity BSP)।
तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे शहर को गहरे सदमे में डाल दिया। रालामंडल के पास तेज रफ्तार नेक्सन कार अनियंत्रित होकर पीछे से एक ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि प्रेरणा की शादी कुछ ही समय बाद होने वाली थी। परिवार में खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन एक पल में यह खुशी मातम में बदल गई। हादसे में कार सवार दो युवक और एक युवती की भी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवती अनुष्का गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद कार में शव बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। वहीं, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि सभी लोग किसी पार्टी से लौट रहे थे और तेज रफ्तार हादसे का मुख्य कारण हो सकती है।
तेजाजी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस हृदयविदारक घटना से न सिर्फ बच्चन परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

