लोकतंत्र की पाठशाला बना नेशनल रोवर–रेंजर जंबूरी, युवाओं ने सीखा संसद का व्यवहारिक पाठ

Social Activity BSP

रायपुर, 11 जनवरी (Social Activity BSP)।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम दुधली में आयोजित नेशनल रोवर–रेंजर जंबूरी पूरे उत्साह, अनुशासन और जीवंत सहभागिता के साथ सम्पन्न हो रहा है। जंबूरी के तीसरे दिन आयोजन स्थल लोकतांत्रिक चेतना का सशक्त केंद्र बन गया, जहां रोवर–रेंजरों एवं आम नागरिकों को लोकसभा की वास्तविक कार्यवाही का प्रत्यक्ष एवं व्यावहारिक अनुभव कराया गया।

यूथ पार्लियामेंट में युवाओं ने निभाई सांसदों की भूमिका

जंबूरी परिसर में आयोजित यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम में रोवर–रेंजरों ने सांसदों की भूमिका निभाई, वहीं विधानसभा अध्यक्ष ने संसद अध्यक्ष की भूमिका का निर्वहन किया। युवाओं ने जिस आत्मविश्वास, विषयगत समझ और मर्यादित संवाद शैली का प्रदर्शन किया, वह सराहनीय रहा। यह मंच भावी जनप्रतिनिधियों को गढ़ने का प्रभावी माध्यम सिद्ध हुआ।

अनुशासन और आत्मविश्वास की मिसाल बने रोवर–रेंजर

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने युवा संसद की सराहना करते हुए कहा कि रोवर–रेंजरों ने जिस प्रकार अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपनी भूमिका निभाई है, उससे देश के उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर सामने आती है। उन्होंने कहा कि आज के युवा कल के समाज के प्रतिनिधि हैं और हमारी लोकतांत्रिक विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी इन्हीं के कंधों पर है।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और जिम्मेदार नागरिकता की मजबूत नींव रखते हैं।

युवा शक्ति ही देश का भविष्य : गजेंद्र यादव

इस अवसर पर स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि आज के रोवर–रेंजर ही देश का आने वाला भविष्य हैं। इस कार्यक्रम में भारतीय स्काउट गाइड के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल, राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा, जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, रोवर–रेंजर, स्काउट–गाइड्स एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

सीख, सेवा और साहस से भरा रहा जंबूरी का तीसरा दिन

नेशनल रोवर–रेंजर जंबूरी का तीसरा दिन सीख, सेवा और साहस की भावना से ओतप्रोत रहा। जागरण, शारीरिक जांच और फ्लैग सेरेमनी के माध्यम से अनुशासन और एकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में डॉग शो, मार्च पास्ट प्रतियोगिता तथा स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

आदिवासी संस्कृति और साहसिक गतिविधियों ने बढ़ाया आकर्षण

जंबूरी में आदिवासी संस्कृति, परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में व्यंजनों का निर्माण, लोकवाद्यों की प्रस्तुति, आदिवासी नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके साथ ही हॉर्स राइडिंग, बाइक रेस और वाटर एक्टिविटी जैसी साहसिक गतिविधियों ने युवाओं में रोमांच और उत्साह भर दिया।

आपदा प्रबंधन से लेकर अंतरराष्ट्रीय नाइट तक विविध आयोजन

जंबूरी के दौरान आपदा प्रबंधन, ग्लोबल डेवलपमेंट विलेज, वृक्षारोपण, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, कंटीजेंट लीडर मीटिंग, नाइट हाईक और पायोनियरिंग प्रोजेक्ट जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
एरिना में आयोजित इंटरनेशनल नाइट कार्यक्रम में विभिन्न देशों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जंबूरी को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post