नदी पार करते वक्त पलटी नाव, 2 बच्चे और 2 महिलाएं लापता; ग्रामीणों ने बचाई दो की जान

Social Activity BSP



बीजापुर, 22 जनवरी (Social Activity BSP)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक बड़ा हादसा सामने आया है। भैरमगढ़ ब्लॉक के ग्राम उसपरी के पास इंद्रावती नदी पार करते समय एक नाव पलट गई। नाव में सवार 6 ग्रामीणों में से 4 लोग नदी के तेज बहाव में बह गए, जबकि ग्रामीणों की तत्परता से 2 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। लापता लोगों में 2 बच्चे और 2 महिलाएं शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, भैरमगढ़ ब्लॉक के अंतिम छोर पर बसे गांवों के लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बाजार आने-जाने इंद्रावती नदी पार करने को मजबूर हैं। बुधवार को भी ग्रामीण बाजार से खरीदारी कर नाव से वापस लौट रहे थे। नदी के बीच पहुंचते ही नाव अचानक असंतुलित हो गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन चार लोग नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना शाम के समय होने के कारण तत्काल रेस्क्यू में दिक्कतें आईं और अंधेरे के चलते खोजबीन सीमित रही।

प्रशासन ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान

भैरमगढ़ एसडीएम प्रकाश सर्वे ने बताया कि नाव पलटने और लोगों के लापता होने की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना किया गया। आसपास के ग्रामीणों की भी मदद ली जा रही है। अंधेरा होने के कारण देर रात तक सीमित सफलता मिली, जबकि गुरुवार सुबह से सर्च ऑपरेशन को तेज किया जाएगा।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

इंद्रावती नदी में नाव पलटने की घटनाएं कोई नई नहीं हैं। अगस्त 2025 में बेलनार से भैरमगढ़ जाते समय नाव पलटने से एक साल के मासूम और चार महिलाएं बह गई थीं। वर्ष 2022 में नाव हादसे में मेडिकल टीम के एक फार्मासिस्ट की डूबने से मौत हुई थी। वहीं 2018 में नाव पलटने से 10 लोग बह गए थे, जिनमें एक महिला और एक बच्चा लापता हो गए थे।

स्थायी समाधान की कमी

स्थानीय लोगों का कहना है कि नावों में क्षमता से अधिक सवारी, नदी का तेज बहाव और वैकल्पिक परिवहन साधनों की कमी ऐसे हादसों के मुख्य कारण हैं। कई गांवों के लिए आज भी नाव ही नदी पार करने का एकमात्र साधन है, जिससे खतरा लगातार बना रहता है। बार-बार हो रही घटनाओं के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है, जिससे यह स्थिति प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post