Social Activity BSP
मेरठ, 14 जनवरी :
उत्तर प्रदेश में देह व्यापार जैसे घृणित अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। कहीं यह संगठित रूप से तो कहीं अलग–अलग स्थानों पर चोरी-छिपे चल रहा है। पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, बावजूद इसके रोज नए मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला मेरठ जिले का है, जहां पुलिस ने एक साथ चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा किया है।
ऑनलाइन सेक्स रैकेट की आशंका
पुलिस को जिस्मफरोशी की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान स्पा सेंटरों से 20 से अधिक युवतियां और कई ग्राहक पकड़े गए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन सेंटरों के जरिए ऑनलाइन सेक्स रैकेट भी संचालित किया जा रहा था। पुलिस को स्पा मालिकों और युवतियों के मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक वीडियो भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, स्किन सॉल्यूशन स्पा सेंटर के मालिक ललित और आइशा खान, रोज वाटर विला सेंटर की संचालक रेखा, ए-वन स्टूडियो में तब्बसुम, शालिनी शर्मा और अमजद, जबकि शापरिक्स मॉल स्थित युवा यूनिसेफ फैमिली सॉल्यूशन के मालिक सतेंद्र और उसकी पत्नी शाइस्ता निखत अपने-अपने सेंटर का संचालन कर रहे थे। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
अलीगढ़ में भी बड़ी कार्रवाई
मेरठ से पहले अलीगढ़ में भी पुलिस ने होटलों की आड़ में चल रहे अंतरराज्यीय सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया था। पुलिस ने दो होटलों में छापेमारी कर करीब 15 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें 7 युवतियां शामिल हैं। बताया गया कि देह व्यापार के लिए लड़कियों को दिल्ली, हरियाणा और झारखंड से लाया जाता था।
छापेमारी के दौरान पुलिस को होटलों से अश्लील सीडी और पेन ड्राइव भी बरामद हुईं। इस मामले में अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, थाना बन्नादेवी पुलिस ने महिला पुलिस के साथ सोमवार देर रात चौहान कॉम्प्लेक्स स्थित स्काइवे होटल और मैराकी होटल पर एक साथ छापा मारा। यहां से आपत्तिजनक हालत में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें कुछ नाबालिग लड़कियां भी शामिल बताई जा रही हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

