Social Activity BSP
अंबिकापुर(Social Activity BSP) :
अंबिकापुर में शराब के नशे में तेज रफ्तार कार चलाना दो युवकों के लिए जानलेवा साबित हुआ। बिशनपुर और हर्राटिकरा के बीच एक टर्निंग पर तेज गति के कारण कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में दो कॉलेज छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो छात्राओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, लकड़ापारा निवासी एक शिक्षिका का पुत्र आर्यन कुजूर (22 वर्ष) घर से कार क्रमांक CG15 EG 4706 लेकर निकला था। उसने परिजनों को कार एजेंसी जाने की बात कही थी, लेकिन बाद में दोस्तों के साथ घूमने निकल गया। शाम करीब 7:15 बजे बिशनपुर और हर्राटिकरा के बीच एक मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण कार पलट गई। हादसे के समय वाहन में चालक सहित कुल छह लोग सवार थे।
हादसे में घायल कॉलेज छात्रा निकिता केरकेट्टा (19 वर्ष) ने बताया कि कार चला रहा ऐंजल विशाल तिर्की (21 वर्ष) और उसके कुछ साथी शराब के नशे में थे। वह लगातार उन्हें तेज रफ्तार में वाहन न चलाने की समझाइश दे रही थी, लेकिन उसकी बात नहीं मानी गई। इसी दौरान टर्निंग पर कार अनियंत्रित होकर पलट गई। निकिता ने बताया कि उसकी सहेली तारा कुजूर (19 वर्ष) भी कार में सवार थी, जो सीतापुर क्षेत्र की निवासी है और कॉलेज में पढ़ाई करती है।
इस हादसे में ऐंजल विशाल तिर्की, जो जशपुर के रायकेरा का निवासी था और भोपाल में कॉलेज की पढ़ाई कर रहा था, तथा अंकित कुजूर (19 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं जबलपुर निवासी अनिमेष तिर्की (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि ऐंजल विशाल तिर्की और अनिमेष हाल ही में अंबिकापुर घूमने आए थे और संभवतः इन्हीं के साथ घूमने के लिए कार निकाली गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
अंकित कुजूर अंबिकापुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता एसईसीएल अमेरा, लखनपुर में कार्यरत हैं और वह गोविंदपुर विश्रामपुर का निवासी था। दोनों युवकों की असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। यह हादसा कुछ महीने पहले चठिरमा में हुए उस सड़क हादसे की याद दिलाता है, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया था और उसमें भी युवक-युवतियां सवार थीं।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

