पुलिस भर्ती में गड़बड़ी का आरोप: नियम बदलने से नाराज़ प्रतियोगियों की पदयात्रा, बिलासपुर से रायपुर कूच

Social Activity BSP

छत्तीसगढ़ | 16 जनवरी (Social Activity BSP)
छत्तीसगढ़ में चल रही पुलिस भर्ती प्रक्रिया को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। भर्ती में कथित गड़बड़ी और नियमों में अचानक बदलाव के विरोध में बिलासपुर के सैकड़ों प्रतियोगी बुधवार को पैदल मार्च करते हुए राजधानी रायपुर के लिए रवाना हो गए। युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया को अपारदर्शी बताते हुए प्रशासन पर उन्हें गुमराह करने का आरोप लगाया है।

प्रतियोगियों ने पुलिस लाइन से हाथों में तख्तियां लेकर पदयात्रा की शुरुआत की। नारेबाजी करते हुए उन्होंने अपनी मांगें शासन तक पहुंचाने का संकल्प जताया। युवाओं का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले नियमों की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई और अब बीच में नियम बदलकर कई अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित किया जा रहा है।


फॉर्म भरते समय कुछ और, अब नियम कुछ और

प्रदर्शन कर रहे प्रतियोगियों का आरोप है कि आवेदन के समय स्पष्ट रूप से बताया गया था कि अभ्यर्थी किसी भी जिले से आवेदन कर सकते हैं। लेकिन अब नियमों में बदलाव कर दिया गया है, जिससे बड़ी संख्या में उम्मीदवार बाहर हो गए हैं। युवाओं ने सवाल उठाया कि यदि नियम पहले से तय थे, तो भर्ती प्रक्रिया शुरू करने से पहले उन्हें सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया।


रायपुर पहुंचकर धरना देने की चेतावनी

प्रतियोगियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो वे रायपुर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि वे किसी विशेष रियायत की मांग नहीं कर रहे, बल्कि एक पारदर्शी, निष्पक्ष और भरोसेमंद भर्ती प्रक्रिया चाहते हैं।


पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन नहीं माने प्रतियोगी

छात्रों के विरोध-प्रदर्शन और रायपुर तक पदयात्रा की सूचना मिलते ही पुलिस अफसरों और जवानों की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रतियोगियों को समझाइश देकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे अपने फैसले पर अड़े रहे। अंततः दोपहर बाद सभी प्रतियोगी तख्तियां हाथ में लेकर रायपुर की ओर रवाना हो गए और लगातार नारेबाजी करते रहे।



Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post