Social Activity BSP
जगदलपुर, 16 जनवरी (Social Activity BSP)। बस्तर जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बार फिर जानलेवा रूप ले लिया। शुक्रवार को जगदलपुर–चित्रकोट मुख्य मार्ग पर टाकरागुड़ा के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) बस्तर संभाग के विभाग संघचालक सुकालु राम बघेल की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार में आ रही टाटा मैजिक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर बिखर गए। हादसे में बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, वहीं टाटा मैजिक में सवार दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और एंबुलेंस को तुरंत सूचना दी। पुलिस और राहत टीम के पहुंचते ही सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतक सुकालु राम बघेल के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है। टाटा मैजिक वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

