दीपका के नागिन झोरखी हत्याकांड का खुलासा: आरोपी ट्रक चालक गिरफ्तार, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम की अहम भूमिका

Social Activity BSP



कोरबा, 17 जनवरी (Social Activity BSP)। दीपका थाना क्षेत्र के नागिन झोरखी में हुए दिल दहला देने वाले हत्याकांड को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। 24 वर्षीय युवती रानू साहू की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका और आरोपी के बीच आपसी विवाद इस वारदात की वजह बना।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय रानू साहू घर में अकेली थी। उसके पिता रामकुमार साहू और मां किसी काम से बाहर गए हुए थे। शाम करीब 7 बजे जब परिजन घर लौटे तो उन्होंने रानू को खून से लथपथ हालत में पड़ा पाया। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी जांच में शामिल किया गया।

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान राहुल जोगी (26 वर्ष), निवासी नूनेरा बांधाखार, पेशे से ट्रक चालक के रूप में हुई है। आरोपी और मृतका रानू साहू के बीच पहले से जान-पहचान थी और किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने रानू के घर पहुंचकर धारदार हथियार से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे हरदीबाजार–दीपका बायपास मार्ग से गिरफ्तार किया, जहां वह ट्रक खड़ा कर सो रहा था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। मृतका रानू साहू अपने माता-पिता की इकलौती संतान बताई जा रही है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post