Social Activity BSP
धमतरी, 17 जनवरी (Social Activity BSP)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के आमदी क्षेत्र अंतर्गत रांवा रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में पानी डालने के लिए बनाए गए मोटे पाइप के कुपाले (भूमिगत संरचना) में करीब 10 फीट लंबा और लगभग 18 किलो वजनी अजगर फंसा हुआ मिला। अजगर के कुपाले में फंसे होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वन विभाग और सर्पमित्र सूर्यकांत साहू को सूचना दी।
मौके पर पहुंचने पर सर्पमित्र ने पाया कि अजगर कुपाले के अंदर काफी गहराई तक घुस चुका था, जिससे उसे बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण हो गया। कई प्रयासों के बावजूद जब अजगर बाहर नहीं आया, तब स्थानीय जेसीबी की मदद से सावधानीपूर्वक खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान अजगर का शरीर दिखाई देने लगा।
इसके बाद दो लोगों ने उसकी पूंछ पकड़कर बाहर खींचने की कोशिश की, लेकिन अजगर भी पूरी ताकत से अंदर की ओर प्रतिरोध करता रहा। काफी मशक्कत, सतर्कता और सूझबूझ के बाद आखिरकार अजगर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
अजगर का विशाल आकार और भारी वजन देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीण हैरान रह गए। सर्पमित्र सूर्यकांत साहू ने बताया कि यह अब तक उनके द्वारा रेस्क्यू किए गए सबसे भारी अजगरों में से एक है, जिसे उठाने के लिए तीन लोगों की मदद लेनी पड़ी। अजगर को रातभर सुरक्षित रखा गया और शनिवार सुबह उसे जंगल में सुरक्षित रूप से छोड़ने की तैयारी की गई।
अजगर के सफल और सुरक्षित रेस्क्यू से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और सर्पमित्र सूर्यकांत साहू तथा जेसीबी ऑपरेटर की जमकर सराहना की।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

