फेसबुक दोस्ती बनी दरिंदगी की वजह: रेलकर्मी ने शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, गर्भवती होने पर कराया गर्भपात

Social Activity BSP

बिलासपुर, 27 जनवरी (Social Activity BSP)।
सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती किस तरह एक युवती की ज़िंदगी तबाह कर सकती है, इसका गंभीर मामला बिलासपुर से सामने आया है। रेलवे में कार्यरत एक कर्मचारी ने फेसबुक के जरिए युवती से दोस्ती कर उसे प्यार और शादी का झांसा दिया, फिर अलग-अलग जगहों पर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती के गर्भवती होने पर आरोपी ने जबरन गर्भपात भी करा दिया और बाद में शादी से साफ इनकार कर दिया।

पीड़िता की शिकायत पर तारबाहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

फेसबुक से शुरू हुई पहचान

पीड़िता 27 वर्षीय युवती है, जो उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की रहने वाली है। जनवरी 2024 में उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से बनारस (यूपी) के खोचवा निवासी ऋषभ कुमार सिंह (34) से हुई। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच दोस्ती और फिर प्रेम संबंध बन गए। आरोपी ने युवती से शादी करने का वादा किया, जिस पर भरोसा कर वह उसके करीब आ गई।

मुलाकात के बहाने दुष्कर्म

युवती पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान वर्ष 2024 में आरोपी ने उसे मिलने के बहाने बनारस बुलाया। वहां हैदराबाद गेट के पास स्थित एक मकान में ले जाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा।

गर्भवती होने पर कराया गर्भपात

लगातार शारीरिक शोषण के चलते नवंबर 2024 में युवती गर्भवती हो गई। इस बात की जानकारी मिलने पर आरोपी ने उसे गर्भपात की दवा खिलाकर जबरन अबॉर्शन करा दिया।

बिलासपुर में फिर किया शोषण

इस बीच आरोपी का रेलवे में चयन हो गया और वह टेक्नीशियन ग्रेड-1 के पद पर प्रशिक्षण के लिए बिलासपुर आया। नवंबर 2025 में उसने सक्ती स्टेशन के पास एक कमरा लिया, जहां 8–9 दिनों तक युवती को अपने पास रखकर फिर से शारीरिक संबंध बनाए। बाद में झूठी जानकारी देकर उसे वापस भेज दिया।

शादी से मुकरा, पहचान से किया इनकार

जनवरी 2026 में जब पीड़िता बिना बताए बिलासपुर पहुंची, तो आरोपी ने कार्यालय में उसे पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद होटल ले जाकर फिर शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी की बात दोहराई तो आरोपी ने साफ कह दिया कि उसका शादी का कोई इरादा नहीं था और वह सिर्फ शारीरिक संबंध के लिए था।

थाने में दर्ज हुआ मामला

आरोपी की इन हरकतों से मानसिक और सामाजिक रूप से टूट चुकी पीड़िता ने अंततः तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।



Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post