Social Activity BSP
रायपुर, 21 जनवरी (Social Activity BSP)।
राजधानी रायपुर में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के गंभीर मामले में आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बुधवार सुबह उसके घर पर नगर निगम का बुलडोजर चला दिया। यह कार्रवाई राजा तालाब, झंडा चौक क्षेत्र में की गई, जहाँ आरोपी का मकान स्थित था।
नगर निगम द्वारा पूर्व में आरोपी को अवैध निर्माण से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए सात दिन का नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद आज सुबह प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए मकान को ध्वस्त कर दिया गया।
इस दौरान मौके पर पुलिस बल, नगर निगम की टीम, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय पार्षद मौजूद रहे, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
स्थानीय पार्षद कैलाश बेहरा ने कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि,
“इस तरह के जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। हमारे वार्ड में यदि कोई भी ऐसा अपराध करता है, तो उस पर कानून को बिना किसी दबाव के कार्रवाई करनी चाहिए।”
बताया गया कि कुछ दिन पहले महापौर मीनल चौबे ने भी आरोपी की दुकान और मकान पर कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए थे।
जानकारी के अनुसार आरोपी सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक दुकान चलाता था, जहाँ वह चूड़ियां और अन्य सामान बेचता था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने 7 जनवरी से 11 जनवरी के बीच एक नाबालिग बच्ची के साथ गंभीर अपराध को अंजाम दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू की।
फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। प्रशासन ने साफ किया है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों के प्रति किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।
यह कार्रवाई न केवल कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है, बल्कि समाज में यह संदेश भी देती है कि अपराध करने वालों के लिए कानून सख्त और निष्पक्ष है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

