Social Activity BSP
बलौदाबाजार।
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम तमोरी में जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत और नए भवन के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। वर्षों से लंबित समस्याओं और प्रशासनिक अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत दावा-आपत्ति की सुनवाई के लिए गांव पहुंचे आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों को उसी जर्जर स्कूल भवन में बंधक बना लिया।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को स्कूल भवन के भीतर बैठाकर बाहर से ताला जड़ दिया, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि जिस भवन में बच्चों की पढ़ाई होती है, उसकी हालत बेहद जर्जर है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, बावजूद इसके प्रशासन बीते दो वर्षों से मरम्मत और नए भवन की मांग को नजरअंदाज करता आ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसआईआर के तहत दावा-आपत्ति के निराकरण के लिए अधिकारियों का दल गांव पहुंचा था। सुनवाई के लिए जिस स्कूल भवन का चयन किया गया, उसकी जर्जर स्थिति को देखकर ग्रामीणों का आक्रोश और भड़क उठा। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब यह भवन बच्चों के लिए असुरक्षित है, तो यहां प्रशासनिक कार्य कैसे कराए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से लगातार समझाइश का सिलसिला चलता रहा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि नए वित्तीय वर्ष अप्रैल से स्कूल के नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने स्कूल का ताला खोलते हुए अधिकारियों को मुक्त किया।
हालांकि स्थिति पर काबू पा लिया गया, लेकिन यह घटना ग्रामीण इलाकों में बुनियादी शैक्षणिक ढांचे की बदहाली और प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समयसीमा में निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

