ब्रेकअप के गुस्से में गर्लफ्रेंड ने बॉयफ्रेंड की चाकू मारकर हत्या, मिलने के बहाने पहुंची थी घर

Social Activity BSP



बिलासपुर, 03 फरवरी (Social Activity BSP)।
बिलासपुर में ब्रेकअप से नाराज एक युवती ने अपने प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है, जहां मंगलवार सुबह गर्लफ्रेंड रोशनी सूर्यवंशी (22) अपने बॉयफ्रेंड कामता प्रसाद सूर्यवंशी (25) से मिलने उसके किराए के मकान पहुंची थी। इसी दौरान हुए विवाद में युवती ने युवक के सीने पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक कामता प्रसाद सूर्यवंशी रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा का निवासी था और वर्तमान में सिविल लाइन क्षेत्र के शुभम विहार स्थित शिक्षक कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर होटल में काम करता था। वह बीजेपी नेता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी का भांजा बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए कामता की पहचान सीपत क्षेत्र के ग्राम झलमला निवासी रोशनी सूर्यवंशी से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गया। हालांकि, बीते दो–तीन दिनों से किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके बाद युवक ने युवती से बातचीत बंद कर उसे कॉल और मैसेज पर ब्लॉक कर दिया था।

इसी बात से नाराज होकर मंगलवार सुबह रोशनी चाकू लेकर कामता के घर पहुंची। बताया गया कि दरवाजा खोलते ही दोनों के बीच मोबाइल को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई। इसी दौरान युवती ने गुस्से में आकर युवक के सीने पर चाकू से हमला कर दिया।

घटना के समय घर में मौजूद रूम पार्टनर ने शोर सुनकर बाहर आकर युवक को खून से लथपथ देखा और हल्ला मचाया। मकान मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती को शक था कि ब्रेकअप के बाद युवक किसी दूसरी युवती से दोस्ती कर रहा है, इसी संदेह और गुस्से में उसने वारदात को अंजाम दिया।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post