Social Activity BSP
बिलासपुर, 07 फरवरी (Social Activity BSP)।
सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर महिला की निजी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर वायरल करने और उसे बदनाम व ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 01 जनवरी 2026 को पीड़िता ने थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसके निजी फोटो इंस्टाग्राम पर वायरल कर रहा है और इसी के माध्यम से उसे बदनाम करने के साथ-साथ ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तोरवा पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता की धारा 77 एवं आईटी एक्ट की धारा 67(क) के तहत मामला पंजीबद्ध किया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए जांच शुरू की। साइबर सेल की सहायता से इंस्टाग्राम आईडी की तकनीकी जानकारी एकत्र की गई, जिसके आधार पर आरोपी की लोकेशन अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा में ट्रेस की गई। इसके बाद थाना स्तर पर विशेष टीम गठित कर संदिग्ध की तलाश तेज की गई।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की पहचान सुमीत रात्रे, पिता गंगा प्रसाद रात्रे, उम्र 21 वर्ष, निवासी सूर्या विहार पाटनार कॉलोनी, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की गई, जिसमें इंस्टाग्राम पर पीड़िता की निजी तस्वीरें वायरल किए जाने के पुख्ता सबूत मिले। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
तोरवा पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल दाखिल कर दिया गया। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी प्रकार की धमकी, ब्लैकमेलिंग या निजी जानकारी के दुरुपयोग की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

