अंतिम तिमाही में उत्पादन-डिस्पैच को रफ्तार देने SECL CMD एक्शन मोड में, कोरबा के मेगाप्रोजेक्ट्स का किया गहन निरीक्षण

Social Activity BSP



कोरबा, 07 फरवरी 2026 (Social Activity BSP)।
वित्तीय वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही में कोयला उत्पादन एवं डिस्पैच को तेज़ गति देने के उद्देश्य से साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन शुक्रवार तड़के कोरबा पहुंचे और कंपनी के प्रमुख मेगाप्रोजेक्ट्स का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएमडी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए और अधिकारियों को लक्ष्य पूर्ति के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

सीएमडी श्री दुहन ने अपने दौरे की शुरुआत एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदान गेवरा माइंस से की। यहां उन्होंने कोल हैंडलिंग प्लांट (CHP) का निरीक्षण करते हुए कोयला डिस्पैच व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। लोडिंग, ट्रांसपोर्टेशन और आउटफ्लो सिस्टम की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने डिस्पैच प्रक्रिया को और अधिक सुचारु, तेज़ और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

मानसून पूर्व तैयारियों को ध्यान में रखते हुए सीएमडी ने पम्पिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था, उपकरणों की उपलब्धता और ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा करते हुए संभावित चुनौतियों से समय रहते निपटने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने पीएनसी पैच, सैनिक पैच और रुंगटा पैच का दौरा किया, जहां दिनवार कोयला उत्पादन, ओवरबर्डन हटान और अन्य परिचालन गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन एफएमसी परियोजना का अवलोकन करते हुए सीएमडी श्री दुहन ने परियोजना को तय समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। गेवरा दौरे के दौरान कंपनी के मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन भी उनके साथ उपस्थित रहे।

इसके पश्चात सीएमडी कुसमुंडा माइंस पहुंचे, जहां उन्होंने डिपार्टमेंटल पैच, गोदावरी पैच तथा नीलकंठ ए एवं बी संविदा पैच का निरीक्षण किया। यहां शेष बचे दिनों में अधिकतम कोयला उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए दैनिक ओवरबर्डन बढ़ाने, संसाधनों के बेहतर उपयोग और कार्य निष्पादन में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सीएमडी श्री दुहन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष की अंतिम तिमाही अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसे में हर स्तर पर सतत निगरानी, मजबूत आपसी समन्वय और त्वरित निर्णय प्रक्रिया अपनाते हुए उत्पादन एवं डिस्पैच लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।

उल्लेखनीय है कि सीएमडी हरीश दुहन रविवार को भी प्रातः गेवरा खदान के डिपार्टमेंटल पैच का निरीक्षण करेंगे, जिससे अंतिम तिमाही के लक्ष्यों को हासिल करने की रणनीति को और अधिक मजबूती मिल सके।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post