Social Activity BSP
बिलासपुर, 02 फरवरी (Social Activity BSP)।
थाना रतनपुर क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर हाईवे किंग ढाबा के पास हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का रतनपुर पुलिस ने सफल खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूट में प्रयुक्त दो कारों सहित पूरा मशरूका बरामद कर लिया है।
घटना 01 फरवरी 2026 की रात लगभग 3:35 बजे की है। प्रार्थी विजय कुमार राज (48 वर्ष), निवासी तिवरता, थाना दीपका, जिला कोरबा, अपनी तीन महिला रिश्तेदारों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से बिल्हा क्षेत्र में मेला देखकर लौट रहे थे। इसी दौरान रतनपुर के पहले नेशनल हाईवे-130 पर स्थित हाईवे किंग ढाबा के पास पेशाब के लिए गाड़ी रोकने पर दो कारों में सवार चार आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया।
आरोपियों ने प्रार्थी व उसके साथियों के साथ मारपीट करते हुए उनकी स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और महिला पर्स में रखे लगभग 7–8 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 76/26 धारा 126(2), 309(4), 3, 5 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिस पर पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। कार्रवाई का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रतनपुर ने किया।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जिला कोरिया एवं अंबिकापुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि प्रार्थी द्वारा तंत्र विद्या और पूजा-पाठ के माध्यम से पैसे बढ़ाने का झांसा देकर उनसे करीब 2.5 लाख रुपये की ठगी की गई थी। रकम वापस नहीं मिलने पर आरोपियों ने प्रार्थी का पीछा किया और रतनपुर के ग्राम मदनपुर के पास नेशनल हाईवे पर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और 8 हजार रुपये नकद सहित कुल 2 लाख 28 हजार रुपये का मशरूका शत-प्रतिशत बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त क्रेटा और अर्टिगा कार तथा चार अन्य मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (उप पुलिस महानिरीक्षक) ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि झाड़-फूंक, तंत्र विद्या या रुपये डबल करने का झांसा देने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, और ऐसे मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक मेलाराम कठोतिया, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली तथा आरक्षक शशिकांत तिवारी, मनीष जायसवाल और देवानंद चंद्राकर की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

