Social Activity BSP
बिलासपुर, 16 फरवरी। बिलासपुर रेंज में तैयार ‘सशक्त एप’ बाइक चोरी के मामलों में पुलिस के लिए गेमचेंजर साबित हो रहा है। इस डिजिटल टूल की मदद से पुलिस ने महज 10 दिनों में 49 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें से 25 बाइक केवल बिलासपुर जिले से मिली हैं।
🚨 ड्रिंक एंड ड्राइव जांच में खुलासा
ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान ‘सशक्त एप’ से वाहन नंबर जांचने पर एक बाइक चोरी की निकली। यह मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने नशे में वाहन चला रहे एक नाबालिग को पकड़ा। जांच में पता चला कि बाइक की चोरी की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज थी। पूछताछ के बाद बाइक चोर गिरोह के मास्टरमाइंड और अन्य सदस्यों की पहचान हुई। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
👮♂️ SSP के निर्देश पर सघन जांच
रजनेश सिंह (एसएसपी) ने सभी थाना प्रभारियों को चोरी के वाहनों का डेटा ‘सशक्त एप’ पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विवेचकों, पेट्रोलिंग टीम और बीट प्रभारियों को संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच के आदेश दिए गए हैं।
ट्रैफिक एडिशनल एसपी रामगोपाल करियारे ने सभी चेकिंग पॉइंट्स पर तैनात जवानों को रोजाना कम से कम 10 संदिग्ध वाहनों की जांच सुनिश्चित करने को कहा है। पुलिस का अनुमान है कि यदि सभी पॉइंट्स पर प्रभावी जांच हो तो प्रतिदिन 300 से अधिक वाहनों की जांच संभव है।
📱 आम नागरिक भी कर सकते हैं सहयोग
‘सशक्त सीजी पुलिस एप’ आम लोग भी प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। वाहन नंबर दर्ज करते ही ऐप बताएगा कि वाहन चोरी का है, संदिग्ध है या लावारिस। पब्लिक मॉड्यूल के जरिए नागरिक सीधे पुलिस को सूचना दे सकते हैं।
💻 डिजिटल डाटाबेस से आसान ट्रैकिंग
एप में चोरी और लावारिस वाहनों का लाइव डिजिटल डाटाबेस उपलब्ध है। पहले चोरी की गाड़ियों का मिलान करने में कई दिन लग जाते थे, लेकिन अब मौके पर ही वाहन का सत्यापन संभव है। जिला बदलने पर भी रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो जाता है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि ‘सशक्त एप’ के माध्यम से वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

