Social Activity BSP
बिलासपुर, 2 मार्च 2026 (Social Activity BSP)। होली के पावन अवसर पर इस बार रंगों में भी जागरूकता और स्वदेशी सोच की झलक देखने को मिल रही है। बिहान योजना से जुड़ी स्व सहायता समूह की दीदियों ने जिला पंचायत कार्यालय के सामने हर्बल गुलाल का विशेष स्टॉल लगाकर पर्यावरण और स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश दिया है। इस पहल को शहरवासियों से उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है।
प्राकृतिक रंगों से तैयार यह हर्बल गुलाल न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि त्वचा के लिए भी पूरी तरह सुरक्षित है। रासायनिक रंगों से होने वाली एलर्जी और त्वचा संबंधी समस्याओं को देखते हुए इस बार लोग अपने बच्चों और परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हर्बल गुलाल खरीदना पसंद कर रहे हैं।
समूह की सदस्य श्रीमती सीमा तिवारी और श्रीमती रिंकी श्रीवास ने बताया कि यह गुलाल चकरभाठा क्षेत्र के राधा कृष्ण स्व सहायता समूह द्वारा तैयार किया गया है। इसे अरारोट को आधार सामग्री बनाकर प्राकृतिक रंगों के मिश्रण से बनाया गया है, जिससे इसकी बनावट मुलायम और त्वचा के लिए सुरक्षित रहती है। गुणवत्ता और किफायती दाम के कारण ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
दीदियों के अनुसार, यह स्टॉल 3 मार्च को भी जिला पंचायत कार्यालय के सामने लगाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग सुरक्षित और प्राकृतिक गुलाल खरीद सकें।
उन्होंने बताया कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है। शासन से प्राप्त ऋण सहायता के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर अपनी आय बढ़ा रही हैं। त्योहारों के दौरान ऐसे उत्पाद तैयार कर वे अतिरिक्त आमदनी अर्जित करने के साथ-साथ समाज को सुरक्षित विकल्प भी उपलब्ध करा रही हैं।
महिला समूह की सदस्यों ने महिला सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं एवं राज्य बजट में स्व सहायता समूहों के लिए किए गए विशेष प्रावधानों पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)

.jpeg)
.jpeg)

