Social Activity BSP
बिलासपुर, 18 मार्च 2026 (Social Activity BSP)। युवाओं को आत्मनिर्भरता, नवाचार और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, कोनी में एक दिवसीय “स्टार्टअप एवं उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बिलासपुर द्वारा किया गया, जिसकी अध्यक्षता उद्योग संचालनालय के अपर संचालक संजय गजघाटे ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा चौहान द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं परिचय के साथ हुई। उन्होंने छात्रों को स्टार्टअप के महत्व और वर्तमान समय में तेजी से बढ़ते उद्यमिता के अवसरों के बारे में जानकारी दी।
मुख्य अतिथि संजय गजघाटे ने अपने संबोधन में कहा कि स्टार्टअप केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि नवाचार और समस्या समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं को नए विचारों के साथ आगे बढ़ने, जोखिम उठाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक सी. आर. टेकाम ने स्टार्टअप की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि किस प्रकार योजनाबद्ध तरीके से व्यवसाय स्थापित किया जा सकता है। वहीं रायपुर से आईं उप संचालक सुमन देवांगन और कंसल्टेंट प्रीति ने स्टार्टअप पंजीयन प्रक्रिया एवं राज्य शासन की नवीन स्टार्टअप नीति पर विस्तार से जानकारी साझा की।
विशेषज्ञ सत्र में अंकिता तिवारी ने डिजिटल मार्केटिंग के महत्व को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया, जबकि सीए राज साधवानी ने उद्यम में वित्तीय प्रबंधन और फाइनेंस की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के प्रबंधक सुनील कुमार पाण्डेय ने किया, जबकि अंत में श्रीधर राव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, स्टाफ एवं विद्यार्थियों सहित कुल 247 प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम ने युवाओं को उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए उत्साहित किया।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद



.jpeg)

