जल उत्सव पखवाड़ा: खपरी गांव में जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश, महिलाओं की भूमिका हुई सशक्त
bySheikh Sarfaraz Ahamad
-
0
बिलासपुर, 18 मार्च 2026(Social Activity BSP)। जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत ग्राम खपरी में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत “जल उत्सव पखवाड़ा” का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें जल संरक्षण, स्वच्छता और जल गुणवत्ता के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को जल के महत्व और उसके संरक्षण के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं गांव में आयोजित जनसभा में जल के सही उपयोग, संरक्षण और संधारण को लेकर चर्चा हुई। ग्रामीणों को एफ.टी.के. किट के माध्यम से जल की गुणवत्ता जांचने की विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया, जिससे वे स्वयं पानी की शुद्धता परख सकें।
इस अवसर पर गांव की जल वाहिनी रंगमति, सुलोचना बाई, देवकी दीदी सहित वी.डब्ल्यू.एस.सी. की महिला सदस्यों को “हर घर जल” प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया और उन्हें जल संरक्षण व स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। साथ ही स्वच्छ पेयजल, सोखता गड्ढा निर्माण, हैंडपंप और पाइपलाइन जल आपूर्ति के रख-रखाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं।
कार्यक्रम में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देते हुए जल जीवन मिशन के प्रति ग्रामीणों में स्वामित्व की भावना विकसित करने पर बल दिया गया। इस योजना के प्रभाव से न केवल हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है, बल्कि महिलाओं के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। अब महिलाओं को दूर-दराज से पानी लाने की कठिनाई से राहत मिली है, जिससे उनका समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।
महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से जल प्रबंधन अधिक प्रभावी और टिकाऊ बन रहा है। साथ ही उन्हें नेतृत्व और निर्णय लेने के अवसर भी मिल रहे हैं, जो ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद