मगरपारा में गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल, स्टॉक होने के बावजूद उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहा सिलेंडर
bySheikh Sarfaraz Ahamad
-
0
बिलासपुर,14 मार्च (Social Activity BSP)। शहर के मगरपारा क्षेत्र में सिल्वर ओक होटल के पास स्थित बालाजी गैस कंपनी की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी में गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद लोगों को समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इस वजह से आम उपभोक्ताओं को रोजाना घंटों लाइन में खड़े होकर परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सूत्रों के अनुसार एजेंसी के बाहर हर रोज सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग जाती हैं। कई लोग सुबह से लेकर देर शाम तक लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ घर लौटने को मजबूर हो रहे हैं। खासतौर पर महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि लोग थक-हारकर और परेशान होकर रोते हुए वापस लौट जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एजेंसी के कर्मचारियों का व्यवहार भी उपभोक्ताओं के प्रति ठीक नहीं है। सूत्रों का दावा है कि कई बार उपभोक्ताओं ने कर्मचारियों से अपनी समस्या बताने की कोशिश की, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उल्टा कर्मचारियों द्वारा ठीक तरीके से बात न करने और रूखे व्यवहार की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
गैस पाइप को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी हुई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले तीन वर्षों के भीतर उन्होंने दो बार गैस की पाइप बदली है, इसके बावजूद एजेंसी के कर्मचारी फिर से पाइप बदलने की बात कह रहे हैं और तब तक गैस सिलेंडर देने से मना कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कई उपभोक्ताओं ने गैस पाइप एजेंसी से ही खरीदी थी, लेकिन उस समय उन्हें कोई रसीद नहीं दी गई। अब जब लोग गैस लेने पहुंचते हैं तो कर्मचारियों द्वारा यह कहा जा रहा है कि पाइप पांच साल से ज्यादा पुरानी है और बदली ही नहीं गई है, जबकि उपभोक्ताओं का कहना है कि पाइप पूरी तरह नई है।
इसके अलावा कई उपभोक्ताओं को अलग-अलग कारण बताकर भी वापस भेजा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक किसी को कहा जाता है कि सर्वर काम नहीं कर रहा है, तो किसी को यह बताया जाता है कि केवाईसी पूरा नहीं हुआ है। जबकि कई लोगों के मोबाइल पर गैस बुकिंग का मैसेज भी आ चुका है, इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है।
लगातार हो रही इस अव्यवस्था और मनमानी से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि एजेंसी में गैस का स्टॉक मौजूद है तो उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान करना ठीक नहीं है। कई उपभोक्ताओं ने प्रशासन से इस पूरे मामले की जांच कराने और एजेंसी की कार्यप्रणाली में सुधार लाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके और उन्हें रोजाना घंटों लाइन में लगकर परेशान न होना पड़े।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद