Social Activity BSP
बिलासपुर, 14 मार्च 2026(Social Activty BSP)। उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक में शामिल हुए। बैठक में जल जीवन मिशन की प्रगति, क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू नल कनेक्शनों की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही राज्यों को जल जीवन मिशन 2.0 के संबंध में भी जानकारी दी गई।
नई दिल्ली से आयोजित इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना सहित विभिन्न राज्यों के पीएचई और ग्रामीण विकास मंत्री भी शामिल हुए। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री अरुण साव अपने नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय से ऑनलाइन बैठक में जुड़े।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए चल रही योजनाओं की प्रगति, घरेलू नल जल कनेक्शनों की स्थिति, पेयजल आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बैठक में बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने जल जीवन मिशन की योजनाओं के लिए 3426 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राज्यांश राशि जारी की है। उन्होंने केंद्र सरकार से इसके समतुल्य केंद्रांश की राशि जल्द जारी करने का अनुरोध भी किया।
उन्होंने यह भी आग्रह किया कि एकल ग्राम योजनाओं के साथ-साथ मल्टी-विलेज योजनाओं (MVS) के लिए भी प्राथमिकता के आधार पर केंद्र की राशि जारी की जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि जल जीवन मिशन 2.0 के तहत सभी राज्यों को भारत सरकार के साथ एमओयू करना होगा और संशोधित O&M नीति लागू करनी होगी। साथ ही योजनाओं की डिजिटल एसेट रजिस्ट्री और फाइनेंशियल रिकॉन्सिलिएशन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही केंद्र सरकार द्वारा मिशन के अंतर्गत राशि जारी की जाएगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)

