Social Activity BSP
बिलासपुर, 14 मार्च 2026(Social Activity BSP)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी गौधाम योजना का शुभारंभ किया। पहले चरण में प्रदेश के 11 जिलों में 29 गौधाम शुरू किए गए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिले के कोटा विकासखंड के ग्राम जोगीपुर में राज्य के पहले गौ अभ्यारण्य का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौधाम योजना के माध्यम से बेसहारा और घुमंतू गौवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे गोधन संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। बिलासपुर जिले के लाखासार, ओखर, जैतपुर और हरदीकला में भी गौधाम स्थापित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जोगीपुर में बनने वाला गौ अभ्यारण्य लगभग 184 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा, जिसके लिए प्रथम चरण में 1 करोड़ 32 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके पूर्ण होने के बाद यहां लगभग 2500 गौवंश को एक साथ सुरक्षित रखा जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के सहयोग से प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। कई जिलों में गाय वितरण कार्यक्रम भी शुरू किया गया है, जिससे पशुपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य में शासकीय भूमि पर स्थापित सभी गौधाम अब “सुरभि गौधाम” के नाम से जाने जाएंगे। यहां पशुपालन, हरा चारा उत्पादन और गोबर से उपयोगी उत्पाद बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने की। इस अवसर पर कृषि एवं पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान और पशुपालक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)

