Social Activity BSP
बलरामपुर / कुसमी(Social Activity BSP)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में हाल ही में हल्का पटवारियों के बड़े पैमाने पर हुए तबादलों के बाद अब राजस्व विभाग के बाबुओं (कर्मचारियों) के स्थानांतरण को लेकर चर्चा तेज हो गई है। जिले की 11 तहसीलों में वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ बाबुओं को लेकर स्थानीय लोगों और बुद्धिजीवी वर्गों में सवाल उठ रहे हैं कि क्या प्रशासन इनके तबादले पर भी संज्ञान लेगा।
जानकारी के अनुसार जिले की प्रमुख तहसीलों बलरामपुर, रामानुजगंज, सामरी, कुसमी, शंकरगढ़, वाड्रफनगर सहित हाल ही में घोषित चान्दो, दौरा-कोचली और रघुनाथनगर में कई राजस्व कर्मचारी लंबे समय से एक ही जगह पर पदस्थ हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ रहने के कारण कुछ कर्मचारियों का प्रभाव बढ़ गया है, जिससे पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कई मामलों में राजस्व से जुड़े काम कराने में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यदि पटवारियों की तरह राजस्व विभाग के बाबुओं का भी स्थानांतरण किया जाए तो इससे प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार आ सकता है।
बुद्धिजीवी वर्ग का मानना है कि लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मचारियों का तबादला होने से भ्रष्टाचार पर अंकुश, कार्यों में पारदर्शिता और लंबित मामलों के त्वरित निपटान में मदद मिल सकती है। अब देखना यह होगा कि छत्तीसगढ़ सरकार और जिला प्रशासन इस मांग पर क्या निर्णय लेते हैं।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

